Ajay Kandewar,वणी : तहसील के लालपुलिया क्षेत्र में कोयला परिवहन के कारण सड़क पर जमा होने वाली मिट्टी और डस्ट, उड़ती धूल, ट्रकों की लंबी कतार तथा इससे पैदा होने वाले दुर्घटना के खतरे को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याएं रखी थीं। इसके बाद इन समस्याओं के समाधान के लिए अब प्रत्यक्ष रूप से उपाययोजनाएं शुरू की गई हैं। 1 सितंबर को विधायक संजय देरकर की अध्यक्षता में वणी पुलिस थाने में बैठक हुई थी। इसके बाद 4 सितंबर को वणी कोल एसोसिएशन और प्रशासन की बैठक में भी ग्रामीणों ने लालपुलिया मार्ग की स्थिति और उससे होने वाली परेशानियों पर चर्चा की।
ग्रामीणों की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए वणी कोल एसोसिएशन की ओर से पिछले तीन दिनों से लालपुलिया मार्ग पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है। सड़क के दोनों ओर जमा डस्ट और मिट्टी हटाई जा रही है। साथ ही धूल को नियंत्रित करने के लिए सड़क पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव करने की व्यवस्था की जा रही है। सड़क पर ट्रकों की लंबी कतार न लगे और यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए ट्रकों को सड़क पर खड़ा करने के बजाय डिपो में रखने का निर्णय लिया गया है। इससे धूल, यातायात की समस्या और दुर्घटना का खतरा कम होने की उम्मीद है।
वहीं, 1 सितंबर की बैठक में विधायक संजय देरकर ने कोयला सड़क पर न गिरने देने, प्रत्येक ट्रक पर तिरपाल ठीक से बांधने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। बैठक में उठाए गए मुद्दों के बाद अब संबंधित स्तर पर काम शुरू होने से लालपुलिया क्षेत्र के नागरिकों को राहत मिलने की उम्मीद है। कोयला परिवहन की आवश्यकता के साथ नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा का संतुलन बनाए रखने की दिशा में इन उपाययोजनाओं को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

