Ajay kandewar, Wani : राजूर कॉलोनी के भगतसिंग चौक में रविवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब पांच महिलाएं संदिग्ध परिस्थितियों में घूमती हुई दिखाई दीं। महिलाओं की गतिविधियों पर संदेह होने पर राजूर के युवकों ने उन्हें चौक पर रोककर तत्काल 112 नंबर पर सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और महिलाओं से पूछताछ शुरू की गई।
पूछताछ के दौरान महिलाओं के जवाबों में स्पष्टता नहीं होने से ग्रामीणों का संदेह और गहरा गया। बताया जा रहा है कि पांचों महिलाएं वरोरा की रहने वाली हैं और इससे पहले भी उन्हें क्षेत्र में घूमते हुए देखे जाने का दावा स्थानीय लोगों ने किया है।
विखोली में तार चोरी की घटना से भी जुड़ा संदेह! कुछ दिन पहले विखोली परिसर से तारों का बंडल चोरी होने की घटना सामने आई थी। उस दौरान भी इन्हीं महिलाओं को परिसर में देखे जाने का दावा ग्रामीणों ने किया है। इसी वजह से राजूर–भांडेवाड़ा परिसर में खड़े वाहनों की बैटरियां अथवा अन्य सामान पर इनकी नजर थी क्या, इसको लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, महिलाओं ने चोरी की है, यह अभी साबित नहीं हुआ है। पुलिस की जांच और पूछताछ के बाद ही पूरे मामले की वास्तविकता सामने आएगी। घटना के बाद कुछ समय तक भगतसिंग चौक में तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

