Ajay, वणी : राजूर गांव में कचरा प्रबंधन को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता फैजल बशीर खान के नेतृत्व में वेकोली प्रशासन को दिए गए 24 घंटे के अंतिम अल्टीमेटम का असर आखिरकार दिखाई दिया। अल्टीमेटम के महज अगले ही दिन सुबह करीब 10 बजे से वेकोली प्रशासन ने जेसीबी, ट्रैक्टर और कर्मचारियों की टीम के साथ गांव में व्यापक सफाई अभियान शुरू कर दिया। महीनों से जमा कचरा उठाने, सड़क किनारे उगी झाड़ियों की कटाई तथा सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई का काम युद्धस्तर पर शुरू होते ही ग्रामीणों ने इसे जनदबाव की बड़ी जीत बताया।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से शिकायतें करने के बावजूद प्रशासन और संबंधित ठेकेदार कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे थे, लेकिन फैजल खान और मोसिम सय्यद द्वारा 24 घंटे की अंतिम चेतावनी और वेकोली कार्यालय के सामने कचरा डालकर आंदोलन की घोषणा के बाद पूरा प्रशासन सक्रिय हो गया। इससे साफ हो गया कि जब जनता संगठित होकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करती है, तब प्रशासन को भी कार्रवाई के लिए मजबूर होना पड़ता है। राजूर में शुरू हुआ यह अभियान अब चर्चा का विषय बना हुआ है।
फैजल बशीर खान ने कहा…..
“यह किसी व्यक्ति की नहीं, बल्कि राजूर की जनता की जीत है। हमारा उद्देश्य केवल प्रशासन को उसकी जिम्मेदारी याद दिलाना था। यदि भविष्य में फिर से लापरवाही हुई तो इससे भी बड़ा लोकतांत्रिक आंदोलन किया जाएगा। जनता के स्वास्थ्य और गांव की स्वच्छता से कोई समझौता नहीं होगा तथा जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों को जवाब देना ही पड़ेगा।”

