Ajay,वणी : तहसिल के राजूर गांव में पिछले कई महीनों से कचरा प्रबंधन पूरी तरह ठप होने का आरोप लगाते हुए सामाजिक कार्यकर्ता फैजल बशीर खान और सैय्यद मोसिम शेख के नेतृत्व में ग्रामीणों ने वेकोली राजूर क्षेत्र के क्षेत्रीय महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपा।
गांव के कई स्थानों पर महीनों से कचरे के ढेर लगे हैं, जबकि कुछ कचरा संग्रह केंद्रों का कचरा लगभग तीन महीने से नहीं उठाया गया है। इससे दुर्गंध, मच्छरों का प्रकोप और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि संबंधित ठेकेदार अपनी मनमानी कर रहा है और बार-बार शिकायतों के बावजूद वेकोली प्रशासन ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की, जिसके कारण पूरे गांव में भारी नाराज़गी है।
ग्रामीणों ने वेकोली प्रशासन और संबंधित ठेकेदार को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय के भीतर गांव का पूरा कचरा नहीं उठाया गया, तो वेकोली कार्यालय के सामने गांव का सारा कचरा डालकर संविधानिक तरीके से उग्र आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन में स्पष्ट कहा गया है कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन की होगी। इस दौरान दानिश काज़ी, आमीन शेख, वेदांत हिकरे, प्रियांशु आत्राम और अजय आडकिलवार उपस्थित थे.
24 घंटे में कार्रवाई नहीं तो सीधा आंदोलन….
ग्रामीणों ने साफ कर दिया है कि यह केवल चेतावनी नहीं, बल्कि अंतिम मौका है। यदि 24 घंटे के भीतर राजूर गांव का सारा जमा कचरा नहीं हटाया गया, तो वेकोली कार्यालय के सामने कचरा डालकर तीव्र आंदोलन किया जाएगा और इसकी पूरी जिम्मेदारी वेकोली प्रशासन तथा संबंधित ठेकेदार की होगी।

