Ajay,Wani : जश्ने ईद मिलादुन्नबी के पावन अवसर पर पंचशील नगर में इस वर्ष भी भव्य सजावट और आकर्षक रोशनी से पूरा परिसर जगमगा उठा है। जीशान डेवलपर्स के संचालक इकबाल हुसेन शेख पिछले पांच वर्षों से लगातार बिना किसी वर्गणी या चंदे के अपने खर्च से ईद मिलादुन्नबी के स्वागत के लिए भव्य सजावट कर रहे हैं। पंचशील चौक से विवेकानंद स्कूल रोड तक आकर्षक प्रतिकृतियों से सजे भव्य प्रवेशद्वार और रोशनी नागरिकों के आकर्षण का केंद्र बने हैं।
हर वर्ष कुछ नया और आकर्षक करने की कोशिश के तहत इस बार भी धार्मिक वास्तुकला की सुंदर प्रतिकृतियों के साथ शानदार विद्युत रोशनी की गई है। रात के समय करीब एक किलोमीटर तक फैली यह रोशनी पूरे परिसर को रोशन कर रही है। इस भव्य सजावट पर लाखों रुपये का खर्च इकबाल हुसेन शेख स्वयं वहन कर रहे हैं, इसके लिए किसी से वर्गणी नहीं ली जा रही है। लगातार पांच वर्षों से इसी तरह अपने खर्च से यह परंपरा निभाना उनकी समाज के प्रति जिम्मेदारी और समर्पण को दर्शाता है।
ईद मिलादुन्नबी के माध्यम से समाज में भाईचारा, प्रेम और आपसी सौहार्द का संदेश पहुंचे, साथ ही वणी शहर के सभी नागरिकों को पर्व की शुभकामनाएं दी जा सकें, इसी भावना से यह आयोजन किया जा रहा है। समाजप्रेम, शहरप्रेम और आपसी अपनत्व की मिसाल कायम करते हुए इकबाल हुसेन शेख का यह उपक्रम पंचशील परिसर में चर्चा का विषय बना हुआ है। बिना किसी अपेक्षा के पांच वर्षों से किए जा रहे इस प्रयास की नागरिकों द्वारा सराहना की जा रही है।

