वणी (अजय कंडेवार): आरसीसीपीएल प्रा. लि. की मुकुटबन चूना पत्थर एवं डोलोमाइट खदान में 79वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के उमंग से मनाया गया। इस अवसर पर राष्ट्रप्रेम, सामाजिक उत्तरदायित्व और सामुदायिक विकास की झलक स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
समारोह के मुख्य अतिथि पिंपारवाड़ी के करमचंद बघेले तथा मुकुटबन के अरुण अगुलवार रहे। खदान विभाग प्रमुख कृष्णकुमार राठौड़, बघेले और अगुलवार ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर उपस्थित जनसमूह में देशभक्ति की अलख जगाई।
ध्वजारोहण के उपरांत अपने उद्बोधन में श्री राठौड़ एवं श्री बघेले ने मुकुटबन में प्रस्तावित सीमेंट परियोजना के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह प्रोजेक्ट क्षेत्र के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों की आजीविका में सुधार और सामाजिक-आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।इस अवसर पर खदान के कर्मचारी, आसपास के ग्रामवासी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। देशभक्ति के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा और उपस्थितों में एकता, गर्व तथा विकास की भावना और भी प्रगाढ़ हुई।

