Ajay Kandewar, Wani :- वणी शहर के सिंधी कॉलोनी निवासी सूरज कवडुजी चावला (48) का एक दर्दनाक सड़क हादसे में निधन हो गया, जिससे पूरे शहर में शोक की लहर फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 4 मार्च (बुधवार) शाम लगभग 5 बजे सूरज चावला किसी काम से वणी से मुकुटबन की ओर मोटरसाइकिल से जा रहे थे। रास्ते में एक ढाबे के सामने अचानक एक अज्ञात चारपहिया वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सूरज चावला सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट आई।हादसे के तुरंत बाद उन्हें वणी के ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने सिर में गंभीर चोट होने के कारण उन्हें तुरंत नागपुर के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया। उसी रात उन्हें नागपुर में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उन्हें बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए, लेकिन जिंदगी और मौत के बीच चल रही जंग आखिरकार 5 मार्च 2026 को समाप्त हो गई। गुरुवार शाम करीब 3 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जैसे ही उनके निधन की खबर वणी शहर में पहुंची, यह खबर आग की तरह फैल गई और शहर में शोकपूर्ण वातावरण छा गया।स्व. सूरज चावला अपने पीछे माता, पत्नी, एक पुत्र, एक पुत्री, छोटे भाई दीपक चावला, भाभी और अन्य परिजनों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके छोटे भाई दीपक चावला शहर के एक प्रमुख व्यापारी होने के कारण व्यापार जगत में भी इस घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया जा रहा है।इस अचानक हुई दुर्घटना से चावला परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं वणी के सामाजिक और व्यापारिक क्षेत्र में भी शोक की भावना व्यक्त की जा रही है।
कब होगा अंतिम संस्कार……
6 मार्च की शाम 7 बजे नागपुर अस्पताल से पार्थिव शरीर वणी लाया जाएगा। उनके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार 7 मार्च (शनिवार) की सुबह किए जाने की प्राथमिक जानकारी सामने आई है।

