Vidarbh News,Wani :- मेसर्स RCCPL प्राइवेट लिमिटेड की मुकुटबन स्थित चूना पत्थर एवं डोलोमाइट खदान में 37वें खान पर्यावरण एवं खनिज संरक्षण सप्ताह के अवसर पर विशेष निरीक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान खदान में खनिज संसाधनों के उचित उपयोग, पर्यावरण संतुलन, सुरक्षा व्यवस्था और आधुनिक खनन तकनीकों के तहत किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया गया।
निरीक्षण दल ने खदान परिसर में सुरक्षा उपायों, हरित क्षेत्र के विकास, जल संरक्षण, स्वच्छता, भूमि सुधार तथा खनिजों के वैज्ञानिक उपयोग से संबंधित व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण किया। निरीक्षण में खदान प्रबंधन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार किए जा रहे कार्यों पर संतोष व्यक्त किया गया। इस अवसर पर इकाई प्रमुख सुनील सूद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। निरीक्षण दल का नेतृत्व एस. एम. सरपटवार डीजीएम माइंस,माणिकगढ़ सीमेंट वर्क्स, अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड ने किया। उनके साथ श्रीमंत सत्पथी एवं अजीत पाल निरीक्षण दल के सदस्य के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में खदान विभाग प्रमुख के. के. राठौड़ ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि खदान में प्राकृतिक संसाधनों का संतुलित उपयोग, पर्यावरण की सुरक्षा, जल प्रबंधन और खनन के बाद भूमि के पुनर्विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। निरीक्षण दल ने मुकुटबन खदान की व्यवस्थाओं, कर्मचारियों के समन्वय और पर्यावरण के प्रति प्रबंधन की प्रतिबद्धता की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान सुनील सूद ने कहा कि खनिज संपदा देश की महत्वपूर्ण प्राकृतिक पूंजी है। इसका उपयोग जिम्मेदारी और वैज्ञानिक दृष्टिकोण से होना चाहिए। प्राकृतिक संसाधनों को सुरक्षित रखते हुए विकास करना ही आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी वास्तविक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार खनन के संकल्प के साथ हुआ।

